लोगों को बचाते हुए शहीद हुए थे इंस्पेक्टर जगदीश, पुलिस ने झूला मालिक मोहम्मद शाकिर को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद। सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को हुए दुखद झूला हादसे में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में टूटे हुए झूले से लोगों को बचाते समय हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद शहीद हो गए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी मालिक और एक अन्य सहयोगी को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार झूला लगाने वाली कंपनी हिमाचल केयर फन केयर के मालिक मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार किया गया है, जो हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले का निवासी है। इसके साथ ही मेरठ निवासी नितेश को भी गिरफ्तार किया गया है। थाना सूरजकुंड में कंपनी के प्रोपराइटर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल यानी एसआईटी अपनी निगरानी में कार्रवाई कर रही है।
हादसे में शहीद हुए निरीक्षक जगदीश प्रसाद के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस महानिदेशक अजय सिंगला और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने अस्पताल पहुंचकर शहीद के परिजनों से मुलाकात की। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया है, जिस पर विभाग को गर्व है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और अनुकंपा के आधार पर परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भरोसा दिया।
पुलिस महानिदेशक ने अस्पताल में भर्ती 12 घायलों का हालचाल भी जाना, जिनमें पुलिसकर्मी और आम नागरिक शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति अब सामान्य है और उनमें से 5 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। प्रशासन अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।



