बानीपाथर प्लांट ब्लास्ट: सुरक्षा मानकों की अनदेखी पड़ी भारी, पुलिस ने प्रबंधक और मुख्य प्रबंधक को बनाया आरोपी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को हुए ब्लास्ट के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। फर्नेस के फटने से एक मासूम सहित 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्लांट के दो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
बिना सुरक्षा उपकरण काम कर रहे थे मजदूर
आशा बाई खड़िया की शिकायत के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब मजदूरों से बिना किसी सुरक्षा उपकरण के और फर्नेस को बिना ठंडा किए उसका ढक्कन खुलवाया गया। जैसे ही ढक्कन खोला गया, अत्यधिक दबाव के कारण आग की लपटें बाहर निकल आईं और वहां काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया।
अधिकारियों पर दर्ज हुआ मामला
खरसिया पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य प्रबंधक रूपेश शर्मा और प्रबंधक दादु महाराज उर्फ प्रेमसागर त्रिपाठी के खिलाफ धारा 125(a), 125(b), 287, 288, 289, और 3(5)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायलों की स्थिति नाजुक
घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



