बिलासपुर में सराफा व्यापारी से 37 लाख रुपये की ठगी, जेवर लेकर फरार हुआ राजस्थान का कथित कारोबारी

बिलासपुर। शहर के एक सराफा व्यापारी से राजस्थान के एक ठग ने व्यापार का झांसा देकर करीब 37 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर मंगा लिए और भुगतान किए बिना फरार हो गया। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर ने बताया कि तेलीपारा स्थित अजीत होटल के सामने श्री लीला ज्वेलर्स के संचालक तुषार दोशी ने ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 6 मार्च 2024 को एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया था। उसने अपना परिचय राजस्थान के उदयपुर निवासी कमलेश सोनी के रूप में दिया और खुद को राम सिल्वर फर्म का संचालक बताया। उसने तुषार दोशी को विश्वास में लेते हुए कहा कि वह उनके सोने के आभूषणों को बाजार में अच्छे दामों पर बेचकर राशि वापस कर देगा।
व्यापारी तुषार दोशी उसकी बातों में आ गए और उन्होंने 224.670 ग्राम वजन के सोने के हार और कंगन बुक कर दिए, जिनकी कुल कीमत 36 लाख 86 हजार रुपये थी। इसके बाद 20 मार्च को दोशी ने उक्त जेवर कुरियर के माध्यम से उदयपुर के बताए गए पते पर भेज दिए। जेवर प्राप्त होने के बाद आरोपी ने दोशी के बैंक खाते में केवल 6 हजार 500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद से आरोपी ने न तो शेष राशि का भुगतान किया और न ही जेवर वापस किए। बार-बार संपर्क करने के बाद भी जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तब पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने आरोपी कमलेश सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



