गोविंदा को जान से मारने की धमकी, मैनेजर का दावा- घर पर हमले की कोशिश, FIR दर्ज

मुंबई। अभिनेता गोविंदा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह पत्नी सुनीता आहूजा नहीं, बल्कि उनके मैनेजर शशि सिन्हा का बड़ा खुलासा है। मैनेजर के अनुसार, हाल के दिनों में गोविंदा को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ अज्ञात लोगों ने अभिनेता को उनके घर पर ही निशाना बनाने की कोशिश की थी।
शशि सिन्हा ने बताया कि घटना के समय गोविंदा के पास उनकी लाइसेंसी बंदूक और मोबाइल फोन था, जिसकी वजह से वह सुरक्षित बच निकले। उन्होंने हमलावरों को मौके से भगा दिया। मैनेजर ने ANI से बातचीत में कहा कि उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं। घटना की रात वह सुबह करीब चार बजे गोविंदा के पास पहुंचे। मामले में FIR दर्ज करा दी गई है और उस रात की घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।
इसी बीच, अस्पताल से रिकॉर्ड किए गए एक भावुक वॉइस नोट में गोविंदा ने अपने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया कि उनकी तबीयत अब बेहतर है। उन्होंने अपने चाहने वालों और डॉक्टरों का आभार जताया। गोविंदा ने कहा कि उन्हें गोली लगी थी, जिसे अब निकाल दिया गया है और वह डॉक्टरों की देखरेख में तेजी से ठीक हो रहे हैं।
मैनेजर शशि सिन्हा ने यह भी बताया कि गोविंदा फिल्मों में वापसी की तैयारी कर रहे हैं और नई स्क्रिप्ट्स पर विचार कर रहे हैं। उनके अनुसार, अभिनेता के पास कई प्रोजेक्ट्स के प्रस्ताव हैं, लेकिन वह केवल पसंद आने पर ही काम करने का फैसला करते हैं। कई फिल्म निर्माता और कलाकार उनसे संपर्क में हैं और सही मौके का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा आने वाले दिनों में किसी नए प्रोजेक्ट की घोषणा कर सकते हैं।



