केरल के पलक्कड़ में विस्फोटक का बड़ा जखीरा बरामद, तरबूज के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थीं जिलेटिन स्टिक

नई दिल्ली। केरल के पलक्कड़ जिले में पुलिस ने बुधवार रात एक पिक-अप वैन से 100 से ज्यादा विस्फोटक बक्से जब्त किए। इन बक्सों में जिलेटिन स्टिक और डेटोनेटर थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये बक्से तरबूज की खेप के नीचे छिपाए गए थे।
पलक्कड़ टाउन साउथ पुलिस स्टेशन के अधिकारी के अनुसार, जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसमें 100 से ज्यादा जिलेटिन स्टिक के बक्से और 20 से अधिक डेटोनेटर के बक्से मिले।
ड्राइवर हिरासत में
पुलिस ने बताया कि वैन के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि बक्सों को कोयंबटूर से लोड किया गया था और वह उन्हें त्रिशूर में एक खदान में छोड़ने जा रहा था।
पुलिस ने की गाड़ियों की चेकिंग
राज्य में अवैध रूप से विस्फोटक लाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गाड़ियों की चेकिंग शुरू की थी। एक अधिकारी ने कहा, “जब पुलिस ने ड्राइवर को रुकने के लिए कहा, तो उसने गाड़ी नहीं रोकी, जिसके बाद गाड़ी का पीछा किया गया।”
विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।



