अब चाइनीज मांझा बेचना पड़ेगा भारी, योगी सरकार ने हत्या की श्रेणी में रखा अपराध

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने चाइनीज मांझे पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह कदम लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उठाया है। अब उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे का इस्तेमाल, बिक्री और उपलब्धता पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर में सघन छापेमारी अभियान चलाने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि चाइनीज मांझे के कारण किसी की जान जाती है, तो इसे हत्या की श्रेणी में माना जाएगा और उसी के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से यह भी पूछा कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा कैसे बाजार में पहुंच रहा है और इसकी बिक्री कौन कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने सख्त शब्दों में कहा कि अब चाइनीज मांझे से होने वाली किसी भी मौत को हत्या माना जाएगा और इसके लिए संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी पुलिस प्रमुखों को अपने-अपने जिलों में सघन छापेमारी अभियान चलाने का आदेश दिया।
चाइनीज मांझे से हो रही मौतों की गंभीरता को लेकर अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को लखनऊ में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की गला कटने से दर्दनाक मौत हो गई थी। यह घटना चाइनीज मांझे के कारण हुई। पिछले एक साल में इस प्रकार की आठ घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल अब किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान की जाए और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। साथ ही, प्रदेश भर में चाइनीज मांझे की जब्ती के लिए सख्त और लगातार अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं।



