यूट्यूबर अरुण पंवार की शादी में ‘दान’ की भारी-भरकम राशि देख भड़के लोग, दहेज प्रथा पर छिड़ी नई बहस

नई दिल्ली। गुरुग्राम के मशहूर ऑटोमोबाइल यूट्यूबर अरुण पंवार इन दिनों अपनी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उनकी शादी से जुड़े कुछ वीडियो सामने आने के बाद दहेज प्रथा को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में लग्न समारोह के दौरान अरुण पंवार को 71 लाख रुपये नकद और 21 तोला सोना दिए जाने का जिक्र किया गया है, जिसे दहेज नहीं बल्कि ‘दान’ बताया गया।
वीडियो में एक व्यक्ति अनाउंसमेंट करते हुए ‘दान’ का विवरण देता नजर आता है। इसमें सोने की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, परिवार के अन्य सदस्यों के लिए सोने के आभूषण और कुल 21 तोला सोना तथा 71 लाख रुपये नकद दिए जाने की बात कही गई है। वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और अरुण पंवार को ट्रोल किया जाने लगा।
कई लोगों ने सवाल उठाया कि दहेज को ‘दान’ का नाम देकर कैसे सही ठहराया जा सकता है। कुछ यूजर्स ने उनकी पत्नी पर भी टिप्पणी की और कहा कि मेडिकल की पढ़ाई करने के बाद भी दहेज प्रथा का समर्थन कैसे किया जा सकता है। वहीं, कुछ लोग यूट्यूबर के समर्थन में भी सामने आए और कहा कि यह परिवार की स्वेच्छा से दिया गया दान है, इसे दहेज कहना गलत है।
अरुण पंवार पेशे से ऑटोमोबाइल यूट्यूबर हैं। उन्होंने बीसीए की पढ़ाई के बाद वर्ष 2019 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। कारों के रिव्यू के जरिए वे तेजी से लोकप्रिय हुए। वर्तमान में उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 2.41 मिलियन सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 9.71 लाख फॉलोअर्स हैं। अरुण पंवार लग्जरी लाइफस्टाइल और महंगी गाड़ियों के शौकीन माने जाते हैं। उनकी पत्नी डॉक्टर तिथि हैं, जिन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई की है।



