शहडोल में ‘शोले’ जैसा ड्रामा: पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, चार घंटे तक अटकी रही पुलिस की सांसें

शहडोल। शहडोल जिले के धनपुरी में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मानसिक रूप से कमजोर युवक स्टेट हॉस्पिटल के पीछे बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया और करीब चार घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा करता रहा। युवक कभी छलांग लगाने की धमकी देता रहा तो कभी अजीबोगरीब मांगें करता रहा। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, वहीं युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
धनपुरी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 विलियस नंबर-1 निवासी मो. गोलू ने पानी की टंकी पर चढ़कर इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और पूर्व में भी इस तरह की हरकतें कर चुका है। टंकी के ऊपर से वह कभी पानी में कूदने तो कभी नीचे छलांग लगाने की धमकी देता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मो. गोलू हाल ही में कुल्हाड़ी लेकर अपनी मां और भाई पर हमला करने दौड़ा था। इससे परेशान होकर परिजन उसके हाथ-पांव बांधकर रखने लगे थे। मंगलवार को वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर घर से भाग निकला और सीधे स्टेट हॉस्पिटल के पीछे स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। परिवार द्वारा हाथ-पांव बांधने से नाराज युवक ऊपर से लगातार हंगामा करता रहा।
सूचना मिलते ही धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बातचीत और समझाइश के जरिए युवक को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक टंकी से उतरने को तैयार नहीं हुआ। रेस्क्यू के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 जनवरी को भी मो. गोलू पास के मोनाली टावर पर चढ़ गया था और 100 रुपये की मांग कर रहा था। उस समय पुलिस की सूझबूझ से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था। महज 18 दिन बाद दोबारा इस तरह की घटना सामने आने से प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
इस संबंध में धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है और अक्सर टावर या पानी की टंकी पर चढ़कर लोगों को परेशान करता है। पुलिस द्वारा उसे समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारा गया।



