कवर्धा डीएमओ अभिषेक मिश्रा निलंबित: 7 करोड़ के धान नुकसान के लिए चूहों को बताया था जिम्मेदा

कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित ने 7 करोड़ रुपये के सरकारी धान को चूहों द्वारा खाने के बयान को लेकर डीएमओ अभिषेक मिश्रा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उन्हें निलंबित कर दिया गया है, क्योंकि उनके बयान से विभाग की छवि धूमिल हुई है। विभाग ने माना कि बिना तथ्यात्मक पुष्टि के गलत बयान देने पर विपणन सहकारी संघ कर्मचारी सेवा नियमावली की कंडिका-18 का उल्लंघन हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदी गई धान का भंडारण जिले के दो संग्रहण केंद्रों, बाजार चारभाठा और बघर्रा में किया गया था। इन दोनों केंद्रों में कुल 7 लाख 99 हजार क्विंटल धान रखा गया था। जब धान का उठाव और मिलान किया गया, तो इन दोनों केंद्रों से 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई। इसमें से 22 हजार क्विंटल धान बाजार चारभाठा संग्रहण केंद्र से गायब मिला, जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
डीएमओ अभिषेक मिश्रा ने मीडिया से कहा था कि संग्रहण केंद्र प्रभारी प्रितेश पांडेय को हटा दिया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि धान की कमी मौसम के प्रभाव और चूहों, दीमक व कीड़ों द्वारा हुए नुकसान के कारण हुई है।
निलंबन का कारण
डीएमओ अभिषेक मिश्रा के निलंबन का आदेश रायपुर में विभाग के एमडी द्वारा जारी किया गया। आदेश में कहा गया है कि उन्होंने मीडिया के सामने बिना किसी तथ्यात्मक पुष्टि के गलत जानकारी दी, जो विपणन संघ कर्मचारी सेवा नियमावली की कंडिका-18 का उल्लंघन है। उनके इस बयान से छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन की छवि को नुकसान हुआ है।
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ के सेवानियम की कंडिका-27 (1) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इस दौरान उनका मुख्यालय जिला विपणन कार्यालय बिलासपुर रहेगा, और उन्हें निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता रहेगी।



