प्लेसमेंट कर्मचारियों के हक में फैसला: वेतन में देरी करने वाली एजेंसी बाहर, निगम ने की कड़ी कार्रवाई

रायपुर। नगर निगम रायपुर में प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन भुगतान में लगातार विलंब करने पर निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए अनशर्यान सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, अमनपुर जबलपुर (मध्यप्रदेश) का ठेका निरस्त कर दिया है। साथ ही एजेंसी द्वारा जमा की गई सुरक्षा निधि एफडीआर की राशि को राजसात कर लिया गया है।
नगर निगम के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्लेसमेंट के माध्यम से कार्यरत 57 कंप्यूटर ऑपरेटर और 2 स्टेनोग्राफर को निर्धारित समय सीमा में वेतन का भुगतान नहीं किया गया। इसके बावजूद बार-बार नोटिस और पत्राचार के बाद भी एजेंसी ने भुगतान नहीं किया, जिससे निगम का समय अनावश्यक रूप से व्यर्थ हुआ।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एजेंसी को कर्मचारियों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज, बैंक विवरण, ईपीएफ और ईएसआईसी से जुड़ी जानकारियां समय पर उपलब्ध कराई गई थीं। इसके बावजूद दिसंबर 2025 का वेतन अब तक लंबित रहा।
एजेंसी द्वारा लेबर लाइसेंस शुल्क को लेकर अतिरिक्त भार का हवाला दिया गया था, जिसे सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय से सत्यापन के बाद गलत पाया गया। जांच में सामने आया कि एजेंसी ने निगम को भ्रामक जानकारी दी और वेतन भुगतान में लगातार टालमटोल की।
इन परिस्थितियों को गंभीर लापरवाही मानते हुए नगर निगम रायपुर ने एजेंसी का अनुबंध समाप्त कर सुरक्षा निधि जब्त कर ली है। निगम प्रशासन ने कहा है कि कर्मचारियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



