
पलामू (झारखंड)। जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहर पंचायत के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास के कारण दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात रबींद्र भुईयां के पिता महेशी भुईयां की बीमारी के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद रबींद्र भुईयां और उसके भाई प्रमोद भुईयां ने पड़ोस में रहने वाले विजय भुईयां पर ओझा-गुनी और जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए उसे पिता की मौत का जिम्मेदार ठहराया।
इसी आशंका में दोनों भाइयों ने विजय भुईयां के घर पहुंचकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में विजय भुईयां, उनकी पत्नी और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक नाबालिग युवती और एक महिला नीतू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास के कारण समाज में होने वाली हिंसक वारदातों की भयावह तस्वीर सामने लाती है।



