कांकेर: अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 254 नग सागौन लकड़ी जब्त

कांकेर जिले के कापसी वनपरिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने ग्राम पिपली में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सागौन की लकड़ी बरामद की, जिससे इलाके के लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
ग्राम पिपली में दी दबिश, 254 नग सागौन जब्त
वन विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम पिपली में सागौन की लकड़ी का अवैध भंडारण किया गया है। इस पर कापसी वनपरिक्षेत्र की टीम ने दो संदिग्ध आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में सागौन चिरान और सागौन लट्ठा बरामद किया गया। विभाग ने कुल 254 नग सागौन जब्त किए, जिनका कुल आयतन 7.549 घन मीटर आंका गया है।
मूल्य 5 लाख से अधिक, जब्त लकड़ी की जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई सागौन लकड़ी का अनुमानित बाजार मूल्य 5 लाख 13 हजार रुपये है। लकड़ी परिवहन में उपयोग किए गए साधनों की भी जांच की गई।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
वन विभाग ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और सख्त कार्रवाई की जा रही है। वन अधिनियम 1927 और छत्तीसगढ़ वन उपज व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 के तहत आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि जंगलों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और आने वाले समय में इस तरह की छापेमारी और निगरानी जारी रहेगी।



