पंजाब से बिलासपुर में हेरोइन खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, कोड वर्ड के जरिए चल रहा था तस्करी का खेल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन बेचने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसे पंजाब से लाकर शहर में बेचने की योजना थी। पकड़े गए आरोपियों में पंजाब का एक मुख्य तस्कर, उसका स्थानीय साथी और बिलासपुर का मुख्य एजेंट शामिल है।
पुलिस को पिछले काफी समय से शहर में हेरोइन सप्लाई होने की गोपनीय सूचना मिल रही थी। पुख्ता जानकारी जुटने के बाद एसीसीयू की टीम ने तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस टीम के एक सदस्य ने फर्जी ग्राहक बनकर एजेंट को आधा ग्राम हेरोइन का ऑर्डर दिया और कोड वर्ड का इस्तेमाल करते हुए उसे तीन हजार रुपये का भुगतान किया।
इस रणनीति के तहत पुलिस एजेंट मोहित हिंदूजा के निरंतर संपर्क में रही, जिससे इस गिरोह के मुख्य सूत्रों का पता चल सका। जांच में सामने आया कि चकरभाठा निवासी करनदीप सिंह ने पंजाब को अपना ठिकाना बना लिया था और वह पंजाब के तरनतारण जिले के रहने वाले मुख्य तस्कर आर. रजिंदर कुमार के साथ हेरोइन की खेप लेकर बिलासपुर पहुंचा था।
एडिशनल एसपी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह के नेतृत्व में एसीसीयू और स्थानीय पुलिस की टीम ने चकरभाठा क्षेत्र के एक होटल में दबिश दी। वहां से पुलिस ने एजेंट मोहित हिंदूजा, करनदीप सिंह और पंजाब के तस्कर रजिंदर कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से अलग-अलग पुड़ियों में रखी 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस अब इस मामले में व्हाट्सएप चैट और कोड वर्ड के जरिए जुड़े अन्य ग्राहकों और संपर्कों की जांच कर रही है।



