राजनांदगांव में प्रार्थना सभा के दौरान हंगामा, हिंदू संगठनों ने लगाया धर्मांतरण का आरोप

राजनांदगांव। शहर के मोतीपुर वार्ड नंबर 2 स्थित बड़ा तालाब रोड पर एक मकान में रविवार को आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान जमकर विवाद हुआ। हिंदू संगठनों द्वारा सभा का विरोध किए जाने के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि उक्त मकान में लंबे समय से धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उनका दावा है कि भोले-भाले लोगों को विभिन्न तरह के लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। दूसरी ओर, जिस मकान में प्रार्थना हो रही थी, उस मकान मालिक ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है और संविधान हर नागरिक को अपनी आस्था के अनुसार प्रार्थना करने की स्वतंत्रता देता है। उन्होंने निजी घर में हो रही सभा के विरोध को गलत ठहराया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। माहौल बिगड़ता देख एएसपी कीर्तन राठौर, सीएसपी वैशाली जैन और कोतवाली टीआई सहित कई थानों की पुलिस टीम भारी संख्या में जवानों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव किया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
करीब तीन घंटे तक चली लंबी समझाइश और पुलिस की दखल के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों को कानून व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी दी है। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।



