अरपा विहार हत्याकांड का खुलासा, बेटे और दामाद ने की थी शंभु राम साहू की हत्या

बिलासपुर। मोपका के अरपा विहार में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के बेटे और दामाद ने अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह घटना 11 दिसंबर 2025 की रात करीब 11.30 बजे से 12 दिसंबर की सुबह 8.30 बजे के बीच की है। मृतक की पत्नी छैली बाई साहू ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पति शंभु राम साहू घर के भीतर बेड पर मृत अवस्था में पड़े हैं और सिर पर चोट के निशान हैं।
सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या पाया गया, जिसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतक के बेटे 21 वर्षीय जय किशन साहू और दामाद 25 वर्षीय किसन साहू से पूछताछ की गई। दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि शंभु राम साहू शराब के नशे में अक्सर परिवार के साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उन्होंने रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।



