झारखंड के सारंडा जंगलों में मुठभेड़: एक करोड़ का इनामी माओवादी कमांडर अनल दा उर्फ तूफान मारा गया

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक प्रमुख माओवादी कमांडर अनल दा उर्फ तूफान मारा गया। इस कमांडर पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में कई अन्य माओवादी भी मारे गए। यह कार्रवाई कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने की।
मुठभेड़ गुरुवार सुबह किरीबुरू पुलिस थाना क्षेत्र के कुमडी इलाके में हुई। दोनों पक्षों से जमकर गोलीबारी हुई जिसमें अनल दा सहित कई माओवादी ढेर हो गए।
कौन था अनल दा उर्फ तूफान?
अनल दा का असली नाम पतिराम मांझी उर्फ पतिराम मरांडी उर्फ रमेश था। वह गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के झरहाबाले गांव का निवासी था। उसके पिता का नाम टोटो मरांडी उर्फ तारू मांझी था। अनल दा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) यानी सीपीआई (माओ) की केंद्रीय कमिटी का सदस्य था। उसे संगठन का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता था जो बड़ी योजनाएं तैयार करता था। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम था। उसका मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता और माओवादियों के लिए गंभीर झटका माना जा रहा है।
माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान
रिपोर्ट्स के अनुसार अनल दा अपने साथियों के साथ सारंडा जंगलों में छिपा हुआ था। कोबरा और सीआरपीएफ की टीम ने इलाके को घेर लिया। माओवादियों ने पहले गोली चलाई जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने फायरिंग की और मुठभेड़ शुरू हो गई। पूरे देश में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चल रहा है और हाल के महीनों में कई बड़े माओवादी कमांडर मारे जा चुके हैं।



