पूर्व विधायक गुलाब कमरों के कलेक्टर पर गंभीर आरोप, कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय घेराव का किया ऐलान

मनेन्द्रगढ़। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता गुलाब कमरों एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कलेक्टर डी. राहुल वेंकट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व विधायक ने कलेक्टर की शिकायत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से की है। इस मामले को लेकर सियासी माहौल गरमाता जा रहा है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने आरोप लगाया कि कलेक्टर डी. राहुल वेंकट खुद को सरकार से ऊपर समझते हैं और पूरे जिले में तानाशाही रवैया अपनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में हर स्तर पर मनमानी की जा रही है। कमरों ने कलेक्टर पर नियुक्तियों में भ्रष्टाचार और कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
पूर्व विधायक के आरोपों के बाद कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है। इस विरोध प्रदर्शन में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशासन की कथित मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ यह आंदोलन किया जाएगा।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के खिलाफ प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को लिखित शिकायत भेजी है और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



