छत्तीसगढ़ में शीतलहर का कहर, तापमान 10 डिग्री से नीचे; कई जिलों में प्राइमरी स्कूल 10 जनवरी तक बंद

रायपुर। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। कड़ाके की ठंड के चलते राज्य के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिसमें उत्तरी छत्तीसगढ़ सबसे अधिक प्रभावित है।
अंबिकापुर में रात का तापमान गिरकर 3.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं रायपुर में 6.6 डिग्री, पेंड्रा में 7.6 डिग्री, दुर्ग और राजनांदगांव में 8 डिग्री तथा जगदलपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में और न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने ठंड को देखते हुए बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि ये वर्ग शीतलहर से अधिक प्रभावित हो सकते हैं।
इधर, ठंड के प्रकोप को देखते हुए सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों में प्राइमरी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। हालांकि मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा।
इसके अलावा दो पालियों में संचालित होने वाले स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। अब पहली पाली की कक्षाएं सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरी पाली की कक्षाएं दोपहर 12.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक लगेंगी। यह आदेश सभी शासकीय, अर्धशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा।



