बिलासपुर: नेशनल हाईवे पर ट्रेलर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया चक्का जाम

बिलासपुर। जिले में नेशनल हाईवे 130 पर रतनपुर-पाली बॉर्डर के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे दोपहिया वाहनों और यात्री बसों में सवार यात्रियों को भारी परेशानी हुई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान करतली निवासी नीलमदास मानिकपुरी के रूप में हुई है। हादसे के समय वह सड़क पार कर रहा था, तभी ट्रेलर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने और मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि देने के बाद चक्का जाम हटवाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा ने बताया कि पैदल चल रहे व्यक्ति को ट्रेलर ने चपेट में लिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। चक्का जाम की स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



