बिलासपुर: अमरकंटक जा रहे श्रद्धालुओं की कार पेड़ से टकराई, दो की मौत, तीन घायल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई तथा तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोटा थाना के बेलगहना चौकी क्षेत्र की है। कार सवार श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए रायपुर से अमरकंटक जा रहे थे।
मृतकों की पहचान रामकुमार धीवर (45) तथा राजकुमार साहू, दोनों रायपुर निवासी, के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना निवासी रामकुमार धीवर, दलदल सिवनी निवासी निलेश्वर धीवर (38), खरोरा मजेठा निवासी सुखसागर मानिकपुरी (39), दलदल सिवनी निवासी अमित चंद्रवंशी तथा राजकुमार साहू पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे थे।
सुबह करीब 9 बजे कार बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम भसको के पास जंगल में पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई तथा पेड़ से टकरा गई। हादसे में रामकुमार धीवर तथा राजकुमार साहू को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। निलेश्वर धीवर तथा उनके दो साथी घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया तथा दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को रायपुर ले गए।


