इंदौर के पालदा में स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, अतिक्रमण के कारण दमकल को हुई भारी दिक्कत

इंदौर। पालदा क्षेत्र के समता नगर में शुक्रवार दोपहर एक स्क्रैप फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग नसबी मोहम्मद समीर के गोदाम में लगी थी।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग बुझाने में करीब 10 हजार लीटर पानी और 10 हजार लीटर फोम का उपयोग किया गया। क्षेत्र में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
अतिक्रमण से दमकल वाहनों को पहुंचने में परेशानी
अवैध अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे दमकल वाहनों को गोदाम तक पहुंचने में भारी दिक्कत हुई। शुरुआत में बाहर से पाइप डालकर आग बुझाने की कोशिश की गई। काफी प्रयास के बाद रास्ते से वाहन हटाकर एक दमकल को अंदर भेजा जा सका। नगर निगम के टैंकरों को भी पहुंचने में समस्या आई।
20 फीट सड़क पर 7 फीट अतिक्रमण
सड़क की कुल चौड़ाई करीब 20 फीट है, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा लगभग 7 फीट पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। यह पूरा इलाका इंडस्ट्रियल एरिया है, जहां 60 से 70 फैक्ट्रियां संचालित हैं और 2 से 3 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। व्यापारियों के अनुसार, अतिक्रमण से ट्रक एवं भारी वाहनों को पहुंचने में दिक्कत होती है। इस समस्या की लिखित शिकायतें नगर निगम को दी गई हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।



