रकुल प्रीत सिंह का फिटनेस मंत्र, 10 साल से गेहूं की रोटी छोड़कर ज्वार-रागी को बनाया आहार का हिस्सा

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह अपनी बेहतरीन एक्टिंग, खूबसूरती और फिटनेस के लिए जानी जाती हैं। 34 वर्षीय रकुल प्रीत अपनी परफेक्ट बॉडी के पीछे कड़ी मेहनत करती हैं। हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि वे गेहूं की रोटी का सेवन नहीं करतीं और उसकी जगह मोटे अनाज को अपने दैनिक आहार में शामिल करती हैं।
रकुल प्रीत सिंह ने ‘खाने में क्या है’ यूट्यूब चैनल से बातचीत में बताया कि दाल, रोटी और सब्जी उत्तर भारतीयों का मुख्य भोजन होता है, लेकिन रोटी के लिए विकल्प चुना जा सकता है। उन्होंने कहा कि वे पिछले 10 वर्षों से ज्वार की रोटी खा रही हैं। बचपन में वे गेहूं और ज्वार दोनों की रोटी खाती थीं, लेकिन बीते एक दशक से वे या तो ज्वार या रागी की रोटी ही खाती हैं।
अभिनेत्री ने आगे कहा कि कभी-कभी अन्य खाद्य पदार्थ भी खाए जा सकते हैं, लेकिन घर पर खाने के दौरान स्मार्ट विकल्प अपनाना जरूरी है। दाल, सब्जी या चिकन वही रहते हैं, सिर्फ आटे का विकल्प बदलने से फर्क साफ नजर आता है। उन्होंने गट हेल्थ को शरीर का दूसरा दिमाग बताते हुए इसके महत्व पर भी जोर दिया।
वहीं, अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कंसल्टेंट डाइटिशियन गरिमा गोयल ने बताया कि लंबे समय तक गेहूं की जगह ज्वार या रागी जैसे मिलेट्स का सेवन करने से शरीर में सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं। ज्वार और रागी प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन-फ्री होते हैं, जिससे ये पचाने में आसान होते हैं और ग्लूटेन इनटॉलरेंस से परेशान लोगों के लिए फायदेमंद हैं।
उन्होंने बताया कि ये मोटे अनाज फाइबर से भरपूर होते हैं, जिससे पेट देर तक भरा रहता है, ब्लड शुगर नियंत्रण में रहता है और गट फंक्शन बेहतर होता है। लंबे समय में इससे मोटापा, डायबिटीज और कब्ज जैसी पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा कम हो सकता है।



