14 साल बाद नगर निगम ने की बड़ी कार्रवाई, राजकुमार कॉलेज से 1.64 करोड़ रुपये का संपत्ति कर वसूला

रायपुर। नगर निगम रायपुर ने 14 वर्षों बाद राजकुमार कॉलेज से लंबित संपत्ति कर की वसूली कर एक अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। कॉलेज द्वारा वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया गया था। नगर निगम जोन-5 की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 1 करोड़ 64 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल की है। इस कार्रवाई की नगर निगम आयुक्त द्वारा सराहना की गई है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम की ओर से वर्षों तक राजकुमार कॉलेज को बकाया कर भुगतान के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसे लेकर आम जनता और छोटे व्यापारियों के बीच सवाल उठते रहे, क्योंकि छोटे करदाताओं पर निगम द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाती है और बकाया होने पर उनकी संपत्तियां सील कर दी जाती हैं, जबकि बड़े संस्थान पर वर्षों तक कार्रवाई नहीं हुई।
लगातार उठते सवालों और निगरानी के बाद नगर निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए राजकुमार कॉलेज से लंबित संपत्ति कर की वसूली की। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त जागृति साहू ने जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के नेतृत्व में टीम के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह वसूली निगम के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देगी और भविष्य में इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई का संदेश भी देगी।
अधिकारियों ने बताया कि वसूली से पहले कॉलेज प्रबंधन के साथ बैठक कर बकाया राशि का पूरा विवरण लिया गया और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद भुगतान कराया गया। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ है कि नगर निगम अब बड़े संस्थानों के बकाया कर वसूली को लेकर भी गंभीर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से लंबित इस मामले में कार्रवाई होने से आम करदाताओं का भरोसा बढ़ेगा और यह संदेश जाएगा कि कर भुगतान के मामले में सभी के साथ समान व्यवहार किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी लंबित कर मामलों पर नियमित निगरानी रखकर समय पर वसूली की जाएगी, जिससे निगम के राजस्व में वृद्धि होगी।



