गरियाबंद: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में शिकारियों के फंदे से घायल तेंदुए को बचाया

गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र तौरेंगा के ग्राम कोकोड़ी में शिकारियों के जाल में फंसे एक नर तेंदुए को वन विभाग ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर इलाज किया। गुरुवार को ग्रामीणों की सूचना पर सहायक संचालक (मैनपुर) गोपाल कश्यप ने ड्रोन और एंटी-पोचिंग टीम भेजी। ड्रोन फुटेज में तेंदुए के गले पर गहरा घाव दिखा।
एसडीओ गोपाल कश्यप ने अंधेरा होने से पूर्व जान जोखिम में डालकर रस्सी के जाल से तेंदुए को पकड़ा। इस दौरान तेंदुए ने उन पर हमला भी किया। तेंदुए को गजराज वाहन के पिंजरे में बंद कर तौरेंगा रेस्ट हाउस ले जाया गया। जंगल सफारी के डॉक्टर जय किशोर जडिया, सहायक रमाकांत की टीम ने रात 8 बजे पहुंचकर तेंदुए को बेहोश कर गले से दो तार वाले फंदे निकाले तथा ड्रिप देकर इलाज किया।
उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि 4 वर्षीय तेंदुआ करीब 7 दिनों से घायल था तथा दम घुटने की स्थिति में आबादी क्षेत्र में शिकार तलाश रहा था। सुबह 4 बजे उसे जंगल सफारी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत स्थिर है। स्वस्थ होने पर उदंती जंगलों में छोड़ा जाएगा।
अज्ञात शिकारियों की सूचना देने वालों के लिए 5 से 10 हजार रुपये का गोपनीय इनाम घोषित किया गया है। संपर्क: डीएफओ वरुण जैन (7568127875)। अवैध शिकार पर सख्त कार्रवाई जारी है।



