धमतरी में शव दफनाने को लेकर विवाद सुलझा, महिला का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से होगा

धमतरी। धर्मांतरित महिला के शव दफनाने को लेकर धमतरी जिले में चल रहा विवाद अब थमता नजर आ रहा है। विरोध के बाद महिला के परिजन शव को लेकर उसके गृह ग्राम बोराई पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद मामला सुलझ गया।
जानकारी के अनुसार, परिजनों ने हिंदू धर्म में वापसी यानी घर वापसी का निर्णय लिया है और इसकी लिखित सहमति प्रशासन को सौंप दी गई है। सहमति के तहत तय हुआ है कि महिला का अंतिम संस्कार कल हिंदू रीति-रिवाज से किया जाएगा।
बताया गया है कि ग्राम बोराई के साहू परिवार की एक महिला की 24 दिसंबर को मौत हो गई थी। इसके बाद जब परिजन महिला के शव को बोराई गांव में दफनाने पहुंचे, तो ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि महिला का धर्मांतरण हो चुका था और इसी कारण शव को गांव में दफनाने पर आपत्ति जताई गई। शव दफनाने को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी के चलते गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। हालांकि, आपसी सहमति और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हो गया।



