रायपुर-जगदलपुर फ्लाइट सेवाएं बंद, छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी को झटका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा झटका लगा है। राजधानी रायपुर और जगदलपुर के बीच संचालित फ्लाइट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। यात्रियों की संख्या कम होने और लगातार घाटे के चलते तीन एयरलाइन कंपनियों ने इस रूट पर उड़ानें रोकने का निर्णय लिया है, जिससे यात्रियों के लिए हवाई यात्रा के विकल्प सीमित हो गए हैं।
इससे पहले भी कम यात्रीभार और घाटे के कारण बिलासपुर-अंबिकापुर रूट की फ्लाइट सेवाएं बंद हो चुकी हैं। इसके बाद राज्य के प्रमुख शहरों के बीच हवाई संपर्क और अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य सरकार की हवाई संपर्क योजना, जिसका उद्देश्य शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों के बीच तेज और सुरक्षित हवाई यात्रा उपलब्ध कराना था, अब गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है।
फ्लाइट सेवाएं बंद होने से यात्रियों को अब सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ेगा। रायपुर से जगदलपुर की लगभग 300 किलोमीटर की दूरी सड़क से तय करने में कई घंटे लगते हैं। इससे आम यात्रियों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी सीधा असर पड़ने की संभावना है।



