मंदसौर में रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ, चार घंटे की मशक्कत के बाद सफल रेस्क्यू

मंदसौर। संजीत नाका क्षेत्र की मयूर कॉलोनी में बुधवार सुबह तेंदुए के घुस आने से हड़कंप मच गया। तेंदुआ एक निर्माणाधीन मकान में जा बैठा। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
सुबह करीब 8 बजे कॉलोनी निवासी बंशी राठौर और संजय जाधव ने सबसे पहले तेंदुए को घूमते देखा। तेंदुआ रिहायशी क्षेत्र की ओर बढ़ा और एक निर्माणाधीन मकान में घुस गया। मकान के अंदर एक महिला रोजमर्रा के कार्य में लगी थी। तेंदुए की मौजूदगी का अंदाजा होते ही महिला ने सतर्कता दिखाते हुए बाहर निकलकर दरवाजा बंद कर दिया, जिससे तेंदुआ अंदर ही कैद हो गया।
इलाके में सूचना फैलते ही निवासियों ने तेंदुए को उकसाने की कोई कोशिश नहीं की तथा सुरक्षित स्थानों पर चले गए। पुलिस ने गली में बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया। गांधी सागर से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई। एसडीईआरएफ के जवानों और वनकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रैंक्लुलाइज किया तथा बेहोश होने पर पिंजरे में डालकर सुरक्षित निकाला।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तेंदुआ कॉलोनी की गलियों में दौड़ता तथा छतों पर छलांग लगाता नजर आ रहा है।
जिला वन अधिकारी संजय रायखेरे ने बताया कि यह नर तेंदुआ है तथा इसकी उम्र 5 से 8 वर्ष के बीच है। रेस्क्यू के बाद तेंदुए को शाम को गांधी सागर अभयारण्य के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।



