नए विधानसभा भवन में शुरू हुआ शीतकालीन सत्र, आज दूसरा दिन, हंगामेदार रहने के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र रविवार से शुरू हो गया है। प्रदेश में व्याप्त ज्वलंत मुद्दों को देखते हुए सत्र के हंगामेदार रहने के संकेत हैं। सत्र की अवधि भले ही कम हो, लेकिन इस बार सवालों की संख्या काफी अधिक है। इस सत्र की खास बात यह है कि शीतकालीन सत्र की शुरुआत अटल नगर स्थित नए विधानसभा भवन में हुई है।
19 दिसंबर तक प्रस्तावित इस सत्र के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने कुल 628 प्रश्न लगाए हैं, जिनमें 333 तारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा राज्य स्तरीय और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर 48 ध्यानाकर्षण सूचनाएं दी गई हैं। विपक्ष ने सत्र के तीनों दिनों के लिए स्थगन प्रस्ताव के मुद्दे भी तय कर लिए हैं।
धान खरीदी को लेकर आ सकता है स्थगन प्रस्ताव
सूत्रों के अनुसार, 15 दिसंबर को प्रदेश में धान खरीदी व्यवस्था में अव्यवस्था को लेकर विपक्ष स्थगन प्रस्ताव ला सकता है। इसके बाद अगले दिन नई गाइडलाइन दरों और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई है। वहीं सदन में विपक्ष के साथ-साथ सत्तापक्ष के विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में धान खरीदी व्यवस्था और किसानों से जुड़े मुद्दों पर प्रश्न लगाए हैं।
धान खरीदी के दौरान सामने आ रही समस्याओं और किसानों की परेशानियों को लेकर विपक्ष सरकार से जवाब मांगेगा और व्यवस्था में सुधार के लिए दबाव बनाएगा। दूसरी ओर, भाजपा विधायक दल भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए अपनी रणनीति तैयार करेगा। यदि सदन में संतोषजनक जवाब नहीं मिले तो गतिरोध की स्थिति भी बन सकती है। शीतकालीन सत्र 17 दिसंबर तक चलेगा।
संशोधन विधेयक और अनुपूरक बजट होगा पेश
सत्र के दौरान सरकार छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना, नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियमन संशोधन विधेयक सदन में पेश करेगी। इसके अलावा 15 दिसंबर को ही मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए प्रथम अनुपूरक बजट भी प्रस्तुत किया जाएगा।



