कल्याण कॉलेज उपद्रव मामला, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव आकाश कनौजे गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई स्थित कल्याण कॉलेज में हुए उपद्रव के मामले में फरार चल रहे एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव आकाश कनौजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आकाश कनौजे की गिरफ्तारी नागपुर से की गई, जिसके बाद उसे दुर्ग लाकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि कल्याण कॉलेज में प्राचार्य कार्यालय में घुसकर कार्यालयीन कागजातों को नुकसान पहुंचाने, नेम प्लेट पर स्याही फेंकने और प्राचार्य को जूते की माला पहनाने के मामले में आकाश कनौजे सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेताओं ने कल्याण कॉलेज पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया था। इस दौरान प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें जूते की माला पहनाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि आकाश कनौजे और उसके साथियों ने शासकीय दस्तावेजों पर स्याही डालकर महत्वपूर्ण कागजातों को नुकसान पहुंचाया और कई दस्तावेज फाड़ दिए।
घटना के बाद कल्याण कॉलेज प्रबंधन की ओर से शासकीय कार्य में बाधा और स्याही फेंकने के संबंध में आकाश कनौजे समेत छह लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि आकाश कनौजे फरार चल रहा था।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आकाश कनौजे नागपुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर दुर्ग पुलिस की एक टीम नागपुर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर दुर्ग लाया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



