राजिम धान खरीदी केंद्र में अनियमितता के आरोप, किसानों ने किया जोरदार प्रदर्शन

राजिम। राजिम के लोहरसी धान खरीदी केंद्र में शुक्रवार को किसानों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि नमी के नाम पर प्रति बोरी एक किलो तक मनमानी कटौती की जा रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया कि कर्मचारी धान में अधिक नमी दिखाकर बिना किसी मानक के कटौती कर रहे हैं, जो खरीदी नियमों के विपरीत है। उन्होंने बताया कि कई दिनों से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान केंद्र के बाहर एकत्रित हो गए और धांधली तथा अनुचित कटौती के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
विवाद की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक मौके पर पहुंचे। किसानों ने उन्हें अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं तथा खरीदी प्रक्रिया में नियमों के पालन न होने की शिकायत की। महाडिक ने किसानों को शांत करने का प्रयास किया और संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।



