लव मैरिज के पांच साल बाद विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, कब्र खोदकर निकाला गया शव

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बुंदेला गांव में प्रेम विवाह के पांच साल बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता का शव उसके मायके वालों की मौजूदगी में दफनाया गया था, लेकिन बाद में हत्या के आरोप लगने पर पुलिस ने 10 दिन बाद कब्र खोलकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय जया सांडे का विवाह पांच वर्ष पूर्व अर्जुन सांडे से प्रेम विवाह के तहत हुआ था। 27 नवंबर को जया घर का काम कर रही थी, तभी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसने ससुराल वालों को इसकी जानकारी दी और घर पर आराम करने लगी। कुछ देर बाद परिजनों ने देखा कि जया की मौत हो चुकी है। इसकी सूचना तुरंत गांव के लोगों और मायके पक्ष को दी गई।
जया की मौत पर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। गांव के लोगों की समझाइश के बाद मायके वालों ने अंतिम संस्कार की अनुमति तो दे दी, लेकिन कफन-दफन के बाद उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
शिकायत के बाद मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी की अनुमति पर राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर जया का शव बाहर निकाला। अब सिम्स में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



