बस्तर पंडुम 2026 की तैयारियों के लिए रायपुर में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘बस्तर पंडुम 2026’ के सफल आयोजन हेतु शनिवार को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के रायपुर स्थित निवास पर उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप तथा संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे।
बैठक में बस्तर संभाग की अनूठी लोककला, परंपराओं, रीति-रिवाजों तथा आदिवासी जीवनशैली को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर पंडुम महोत्सव बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करे।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह महोत्सव बस्तर के युवाओं को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बस्तर पंडुम राज्य की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है और इसके लिए राज्य शासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएंगी।
आयोजन की तैयारियों को गति देने के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।



