चक्रवाती तूफान दितवाह से श्रीलंका में 123 की मौत, 300 भारतीय यात्री कोलंबो एयरपोर्ट पर फंसे

नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान दितवाह ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है, जिसमें कम से कम 123 लोगों की मौत हो गई। तूफान अब भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसके कारण कोलंबो से चेन्नई आने वाली कई उड़ानें रद्द हो गईं और दुबई से श्रीलंका होते हुए भारत आ रहे लगभग 300 यात्री पिछले तीन दिनों से कोलंबो के बंदरानायके अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर फंसे हुए हैं। इनमें करीब 150 तमिल यात्री शामिल हैं।
फंसे यात्रियों ने आरोप लगाया है कि खराब मौसम के कारण परिचालन बाधित होने से उन्हें पर्याप्त भोजन, पानी और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने विदेश विभाग के सचिव को कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास से समन्वय करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद अधिकारियों ने भारतीय उच्चायोग से संपर्क कर फंसे यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने और हवाईअड्डे पर राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
भारत ने तूफान प्रभावित श्रीलंका को मानवीय सहायता बढ़ाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए आपात राहत सामग्री भेजने की पुष्टि की थी।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, तूफान दितवाह अब उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश तटों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार सुबह तक इसके तटीय क्षेत्रों के निकट पहुंचने की संभावना है। इस दौरान 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने इन क्षेत्रों में उच्च स्तरीय अलर्ट जारी किया है।



