ब्राजील में दुनिया की पहली सिंगल-डोज डेंगू वैक्सीन को मिली मंजूरी, जानें कितने उम्र तक रहेगा सुरक्षित

साओ पाउलो। ब्राजील की स्वास्थ्य नियामक एजेंसी ANVISA ने Butantan-DV नामक डेंगू वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। यह दुनिया की पहली सिंगल-डोज डेंगू वैक्सीन है, जिसे बुटानतान इंस्टीट्यूट ने विकसित किया है।
वैक्सीन 12 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लिए स्वीकृत है और सभी चार डेंगू वायरस सीरोटाइप्स के खिलाफ प्रभावी पाई गई है। क्लिनिकल ट्रायल में 16,000 से अधिक लोगों पर परीक्षण के बाद यह गंभीर डेंगू के खिलाफ 91.6 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करने में सफल रही।
वर्तमान में उपलब्ध एकमात्र वैक्सीन TAK-003 को दो डोज की जरूरत होती है और डोज के बीच तीन माह का अंतर रखना पड़ता है। नई सिंगल-डोज वैक्सीन तेजी से बड़े पैमाने पर टीकाकरण की सुविधा देगी, खासकर उन क्षेत्रों में जहां डेंगू तेजी से फैल रहा है।
बुटानतान इंस्टीट्यूट के निदेशक एस्पेर कालस ने इसे ब्राजील की विज्ञान और स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार 2024 में वैश्विक स्तर पर 14.6 मिलियन से अधिक डेंगू मामले और लगभग 12,000 मौतें दर्ज की गईं, जो अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है।
जलवायु परिवर्तन के कारण डेंगू वाहक मच्छरों का विस्तार हो रहा है, जिससे यूरोप और अमेरिका के नए क्षेत्र भी प्रभावित हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सिंगल-डोज वैक्सीन डेंगू नियंत्रण में गेम-चेंजर साबित हो सकती है।



