छत्तीसगढ़ तैयार राष्ट्रपति मुर्मू के स्वागत में: 20 नवंबर को सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस पर होंगी शामिल

रायपुर। भारत की माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का 20 नवंबर 2025 को छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर प्रदेश स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी सिलसिले में आज मंत्रालय (महानदी भवन), नवा रायपुर में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिले के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
जनजातीय गौरव दिवस पर सरगुजा में होंगी राष्ट्रपति...
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान सरगुजा जिले में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रमों में शामिल होंगी। मुख्य सचिव ने इस अवसर पर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, चिकित्सा, आवागमन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राष्ट्रपति प्रवास की तैयारियों की गहन समीक्षा...
मुख्य सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति महोदया के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की और त्रुटिरहित होनी चाहिए। उन्होंने सरगुजा संभागायुक्त, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, मार्ग व्यवस्था और अतिथि स्वागत से जुड़ी सभी तैयारियां समयसीमा में पूर्ण की जाएं।
बैठक में शामिल रहे वरिष्ठ अधिकारी...
बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, आदिम जाति विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, ऊर्जा एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, सरगुजा संभागायुक्त, आईजी सरगुजा रेंज, कलेक्टर एवं एसपी सरगुजा, एयरफोर्स इंचार्ज, बीएसएनएल के महाप्रबंधक, राज्य शिष्टाचार अधिकारी, तथा जनजातीय गौरव दिवस के नोडल अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य में उमंग और उत्साह...
राष्ट्रपति मुर्मू के छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर प्रदेश भर में उत्साह का माहौल है। जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रपति की मौजूदगी से न केवल सरगुजा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के आदिवासी समुदाय में गौरव और सम्मान की भावना और प्रबल हुई है।



