नया रायपुर के आसमान में गूंजे फाइटर जेट्स – सूर्य किरण रोबोटिक एयर शो की रिहर्सल ने मोहा दर्शकों का दिल, देखें Video

राजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित सेंध तलाब के ऊपर मंगलवार को आसमान गर्जना से गूंज उठा। आगामी सूर्य किरण रोबोटिक एयर शो की तैयारी जोरों पर है, और आज उसकी रिहर्सल ने लोगों को रोमांच से भर दिया।
भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सूर्य किरण एरोबेटिक टीम (SKAT)’, जो अपने सटीक समन्वय और शानदार हवाई करतबों के लिए जानी जाती है, ने मंगलवार को अभ्यास उड़ानें भरीं। लाल-सफेद रंग के 9 फाइटर जेट्स जब एक साथ आसमान में उड़े, तो उन्होंने ऐसा दृश्य बनाया कि लोगों की निगाहें ऊपर से हट नहीं सकीं।
सेंध तलाब के ऊपर टीम ने V-फॉर्मेशन, डायमंड कट, और स्पायरल मूव्स जैसे कई शानदार स्टंट पेश किए। हर बार जब जेट्स ने तेज़ी से हवा को चीरते हुए क्रॉसिंग की, दर्शक तालियों और जयघोष से गूंज उठे। आसमान में उड़ते इन विमानों ने देश की सैन्य शक्ति और अनुशासन की झलक दिखाई।
रिहर्सल को देखने के लिए सेंध तलाब के चारों ओर भारी भीड़ उमड़ी। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस अद्भुत दृश्य के साक्षी बने। कई लोग मोबाइल कैमरे से पल-पल को कैद करते दिखे, वहीं छोटे बच्चे गर्व से कहते नजर आए
— “देखो, हमारे देश की सेना कितनी ताकतवर है!”
भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम कल होने वाले मुख्य एयर शो में अपनी पूरी ताकत और निपुणता के साथ प्रदर्शन करेगी। इस शो में फॉर्मेशन फ्लाइंग, एरोबेटिक स्टंट, और रोबोटिक समन्वय तकनीक का शानदार संगम देखने को मिलेगा।
यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश की शौर्य परंपरा, अनुशासन और आधुनिक तकनीक का संगम दिखेगा।



