मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव में अर्पित किया सूर्य को अर्घ्य, कहा — छठ पर्व आस्था, परिवार और पर्यावरण का अद्भुत संगम

सूरजपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज छठ महापर्व के अवसर पर सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित शिव मंदिर और हनुमान मंदिर के समीप बने छठ घाट पहुँचकर श्रद्धा और भक्ति के साथ सूर्य देव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने घाट पर उपस्थित व्रतधारी महिलाओं से आत्मीय भेंट की और उन्हें नारियल व फल भेंट कर छठी मईया से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि “छठ पूजा भारतीय संस्कृति का अद्भुत पर्व है, जो आस्था, पर्यावरण और परिवार के सामूहिक बंधन का प्रतीक है।”

मंत्री ने कहा कि “छत्तीसगढ़ की धरती विविधता में एकता और लोक परंपराओं की समृद्धि के लिए जानी जाती है। यहाँ प्रत्येक पर्व सामाजिक एकता और महिला शक्ति का संदेश देता है। छठ पर्व में महिलाओं की आस्था, निष्ठा और तप समाज को अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संदेश प्रदान करते हैं।”
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, महिला समूहों की सदस्याएँ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वातावरण ‘छठी मईया के जयकारों’ से गूंज उठा और पूरा घाट भक्ति और उल्लास से सराबोर हो गया।



