सिमगा नगर में सिटी सर्विलांस सिस्टम का शुभारंभ, अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद

बलौदाबाज़ार-भाटापारा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को सिमगा नगर में सिटी सर्विलांस सिस्टम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी सिटी सर्विलांस कक्ष का निरीक्षण कर नगर की निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जनपद अध्यक्ष दौलत राम पाल, जनपद सदस्य चंद्रप्रकाश टोंड्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुरक्षा में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल...
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर रही है। सिमगा नगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है और यहां विभिन्न औद्योगिक इकाइयाँ संचालित हैं। सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से अब किसी भी अपराध की पहचान और अपराधियों की तलाश तुरंत की जा सकेगी।

शहर में 40 उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाए गए हैं, जो दिन-रात कार्य करने में सक्षम हैं और वाहन के नंबर प्लेट तक स्पष्ट रूप से कैद कर सकते हैं। इससे अपराध नियंत्रण, दुर्घटनाओं की रोकथाम और ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार आएगा।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि यह सर्विलांस व्यवस्था शहर की “तीसरी आँख” साबित होगी। किसी भी घटना पर तुरंत निगरानी रखी जा सकेगी और पुलिस को अपराधियों को पकड़ने में ठोस सबूत मिलेंगे।

कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने भी इस पहल को शहर की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह निगरानी तंत्र अपराधों में कमी लाने और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने में मदद करेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। सिटी सर्विलांस की यह पहल सिमगा को तकनीकी रूप से सशक्त और सुरक्षित नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।