रायपुर के डब्ल्यू.आर.एस. मैदान में गूंजा विजयादशमी उत्सव, रावण दहन और आतिशबाजी ने मोहा मन

राजधानी रायपुर के डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान में इस वर्ष भी विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामय उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। विशाल जनसमूह ने रावण दहन और रंगीन आतिशबाजी के बीच उत्सव का आनंद लिया और देर रात तक मैदान जयकारों से गूंजता रहा।

अपने उद्बोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि दशहरा केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि आत्ममंथन और आत्मशुद्धि का भी अवसर है। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक को अपने भीतर के अहंकार और नकारात्मक प्रवृत्तियों का त्याग कर समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विजयादशमी धर्म पर अधर्म, सत्य पर असत्य और अच्छाई पर बुराई की विजय का संदेश देती है। यह पर्व हमें अपने भीतर के नकारात्मक विचारों को त्यागकर जीवन में सकारात्मक सोच और सद्मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक पुरंदर मिश्रा, आयोजन समिति के पदाधिकारी और हज़ारों श्रद्धालु मौजूद रहे।