ओमान तट के पास भारतीय जहाज से जुड़ी घटना, 14 भारतीय क्रू मेंबर्स को लेकर सर्च ऑपरेशन जारी

नई दिल्ली। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट के पास एक भारतीय जहाज से जुड़ी घटना सामने आई है। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भारतीय झंडे वाले एक जहाज के साथ हुई घटना की जानकारी मिली है। जहाज पर 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार बताए जा रहे हैं।
भारतीय दूतावास के अनुसार, घटना ओमान के तट के पास हुई है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जहाज के साथ किस प्रकार की घटना हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मिशन लगातार स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि ओमान के अधिकारियों और आसपास मौजूद अन्य जहाजों के साथ मिलकर Search and Rescue Operation चलाया जा रहा है। सभी क्रू सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास जारी हैं।
बताया गया है कि प्रभावित जहाज का नाम “विराट 1” है। यह एक भारतीय ध्वज वाला मशीनीकृत सेलिंग जहाज है। शुरुआती जानकारी के अनुसार जहाज पर 14 भारतीय नागरिक क्रू सदस्य के रूप में मौजूद थे। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में इस इलाके में कई तनावपूर्ण घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले सप्ताह भी ओमान के आसपास के समुद्री क्षेत्र में भारतीय नाविकों से जुड़े जहाज चर्चा में रहे थे। उस दौरान हुए एक हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत की खबर सामने आई थी।
भारतीय दूतावास ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा। फिलहाल परिजनों और भारतीय समुदाय की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं। सभी को क्रू सदस्यों की सुरक्षित वापसी का इंतजार है।


