रायगढ़ में रामलला एवं तीर्थ दर्शन योजनाओं के श्रद्धालुओं का भव्य सम्मान सम्मेलन

रायगढ़। रायगढ़ जिला प्रशासन की ओर से नगर निगम ऑडिटोरियम में रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने भगवान श्रीराम के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रामायण आरती के साथ पूरा वातावरण राममय हो उठा।
श्रद्धालुओं के सपनों को साकार करती योजनाएं...
कार्यक्रम में वित्त मंत्री चौधरी ने श्रद्धालुओं का चरणस्पर्श कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं बुजुर्गों के सपनों को साकार करने का माध्यम हैं। छत्तीसगढ़ की माटी का भगवान श्रीराम से गहरा रिश्ता है क्योंकि माता कौशल्या यहीं की बेटी थीं। इस कारण छत्तीसगढ़वासी भगवान श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं।

उन्होंने कहा कि त्रेतायुग में श्रीराम का 14 वर्षों का वनवास समाप्त हुआ था, लेकिन कलियुग में राम मंदिर निर्माण के लिए 500 वर्षों का लंबा संघर्ष करना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक अयोध्या का भव्य राम मंदिर आज साकार हुआ है।
यात्रियों के लिए संपूर्ण सुविधाएं...
जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र यादव ने बताया कि योजना के तहत यात्रियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन और चिकित्सा की संपूर्ण व्यवस्था की गई। प्रत्येक यात्री को विशेष पहचान पत्र भी प्रदान किया गया। इच्छुक श्रद्धालु आगामी यात्राओं के लिए जिला पंचायत और नगर निगम कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
1200 से अधिक श्रद्धालु कर चुके दर्शन...
अब तक जिले के विभिन्न विकासखंडों से 1206 श्रद्धालु (745 पुरुष और 461 महिलाएं) अयोध्या, काशी और अन्य तीर्थों का दर्शन कर चुके हैं। सम्मेलन में कई श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया।

- खगेश्वर पटेल (पुसौर) ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयास से संभव हुई।
- राजकुमारी साव ने यात्रा को सहज और सुखद बताते हुए कहा कि पूरा अनुभव परिवार जैसा रहा।
- उमेश सिंह सिदार ने सरकार की वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की।
- सावित्री भगत ने अयोध्या दर्शन को जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य बताया।
- सुनील थवाईत ने भोजन, सुरक्षा और स्वागत की उत्कृष्ट व्यवस्था की तारीफ की।
वीडियो प्रस्तुति और सम्मान...
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योजनाओं से जुड़ी अविस्मरणीय स्मृतियों को दर्शाती वीडियो प्रस्तुति रही। अंत में सामूहिक ग्रुप फोटो लिया गया और श्रद्धालुओं को स्मृति स्वरूप रामचरितमानस की पुस्तक, शाल, श्रीफल और यात्रा के फोटोग्राफ भेंट किए गए।

इस अवसर पर नगर निगम रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, सभापति डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।