राहुल गांधी की Gen Z पोस्ट पर सियासी तूफान: भाजपा विधायक का तीखा बयान

भोपाल। राहुल गांधी की Gen Z को लेकर की गई पोस्ट पर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वे देश में आग लगाने का काम कर रहे हैं। शर्मा ने सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अपील की कि वे राहुल गांधी को संभालें।
भाजपा विधायक का हमला...
रामेश्वर शर्मा ने तीखा बयान देते हुए कहा –
सोनिया गांधी अपने पुत्र को संभालो, यह महात्मा गांधी के सपनों में आग लगाना चाहता है। यह लोकतंत्र को खत्म करने का षड्यंत्र कर रहा है। अंग्रेजों को देश से बाहर करने वाले क्रांतिकारियों ने बलिदान इसलिए नहीं दिया था कि आज एक बच्चा लोकतंत्र की हत्या करने का सपना देखे। राहुल गांधी सत्ता पाने के लिए देश में आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं और विदेशों के इशारे पर षड्यंत्र रच रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अगर राहुल गांधी गांधी समाधि पर जाएंगे तो खुद गांधी जी भी पूछेंगे कि – “यह कौन आ गया मेरी समाधि पर?”
कांग्रेस का पलटवार...
वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया। कांग्रेस नेता शैलेंद्र पटेल ने कहा –
बीजेपी की सोच पर सवाल उठता है। राहुल गांधी ने केवल युवाओं को लोकतंत्र में आगे आने और अपनी आवाज उठाने की बात कही है। लेकिन बीजेपी हर मुद्दे में उपद्रव देखती है। दरअसल देश को असल में आग लगाने का काम भाजपा कर रही है। राहुल गांधी का मकसद युवाओं को अपने हक के लिए खड़ा करना है, न कि अराजकता फैलाना।
पटेल ने कहा कि सारे Gen Z एक जैसे नहीं होते और युवाओं पर सवाल उठाकर बीजेपी उनकी ताकत को कमजोर करना चाहती है।