प्रधानमंत्री आवास योजना से इंदर राम का सपना हुआ साकार, मिला सुरक्षित पक्का घर

गीदम (कौरगांव)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने विकासखंड गीदम के ग्राम पंचायत कौरगांव में इंदर राम का वर्षों पुराना सपना पूरा कर दिया। अब उनके परिवार को सुरक्षित और पक्के मकान का सुख प्राप्त हुआ है।
कच्चे घर में जीवन की कठिनाइयाँ...
इंदर राम एक कृषि मजदूर हैं और उनका परिवार लंबे समय तक मिट्टी की दीवार और घास-फूस की छत वाले कच्चे घर में रह रहा था। बरसात के दिनों में टपकती छत और कमजोर दीवारों के कारण उन्हें अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। छोटे जीव-जंतु और सांप-बिच्छु का डर भी उनकी रोजमर्रा की चिंता में शामिल था। आर्थिक तंगी के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए मुश्किल प्रतीत होता था।
योजना ने दी नई उम्मीद...
वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की पात्रता सूची में शामिल होने के बाद इंदर राम को आवास निर्माण हेतु 1,20,000 रुपये की राशि स्वीकृत हुई। इसके साथ ही मनरेगा के तहत 90 दिन की मजदूरी का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया गया।
आत्मसम्मान और नई पहचान...
नया पक्का मकान मिलने के बाद इंदर राम और उनके परिवार की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। अब वे सुरक्षित छत तले रह रहे हैं और आत्मसम्मान के साथ जीवन जी पा रहे हैं। इंदर राम ने कहा-
यह घर केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और नई उम्मीदों का प्रतीक है। हम देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के आभारी हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने केवल एक घर ही नहीं दिया, बल्कि आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक प्रतिष्ठा और जीवन में नई रोशनी भी दी है।