जीएसटी काउंसिल की अहम बैठक: रोजमर्रा की चीजों पर मिल सकती है टैक्स से राहत…

GST Council Meeting: दिल्ली में आज जीएसटी काउंसिल की बड़ी बैठक हो रही है। इस बैठक में टैक्स स्लैब और रोजमर्रा की वस्तुओं पर टैक्स कटौती को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त के भाषण में जीएसटी स्लैब में बदलाव का संकेत दिया था और अब माना जा रहा है कि बैठक के बाद बड़े ऐलान हो सकते हैं।
47 चीजें आ सकती हैं 0% टैक्स स्लैब में...
सूत्रों के मुताबिक, काउंसिल रोजाना इस्तेमाल होने वाली 47 वस्तुओं को 0% टैक्स स्लैब में लाने पर विचार कर रही है।
इनमें शामिल हो सकते हैं:
- दूध
- बिना पैकेट वाला पनीर
- पिज्जा ब्रेड
- खाखरा
- रोटी और पराठा
- पेंसिल और बॉक्स जैसी पढ़ाई-लिखाई की चीजें
इससे आम जनता को बड़ी राहत मिल सकती है। फिलहाल दूध पर 5% और पिज्जा ब्रेड, रोटी-पराठा जैसी चीजों पर 18% जीएसटी लग रहा है।
खत्म होंगे 12% और 28% स्लैब...
बैठक में जीएसटी स्लैब को सरल बनाने पर भी चर्चा होगी।
- 28% और 12% स्लैब खत्म किए जा सकते हैं।
- 28% स्लैब की 90% चीजें 18% में शिफ्ट होंगी।
- 12% स्लैब की 99% चीजें 5% में लाई जा सकती हैं।
इस बदलाव के बाद केवल दो मुख्य स्लैब (5% और 18%) रह जाएंगे। जबकि तीसरा 40% का स्लैब सिर्फ लग्जरी वस्तुओं के लिए रखा जाएगा। इस बदलाव से आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ेगा और रोजमर्रा की ज़िंदगी थोड़ी आसान हो सकती है।