महतारियों के लिए जरूरी खबर, इन्हें हर महीने नहीं मिलेंगे 1000 रुपए, पढ़ें डिटेल…

Mahatari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना को लेकर सरकार ने सख्ती दिखाई है। राजधानी रायपुर में अब इस योजना के सभी हितग्राहियों का घर-घर सर्वे कराया जाएगा। जिन पते पर लाभार्थी मौजूद नहीं होंगे, अधूरे दस्तावेज पाए जाएंगे या जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनकी जानकारी दर्ज कर नई रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
सचिव ने दिए निर्देश...
महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने रायपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश जारी किए। बैठक में आंगनबाड़ी सेवाओं, टेक-होम राशन, पोषण अभियान और अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सचिव ने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी और दोषी पाए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, सीडीपीओ और डीपीओ तक पर कार्रवाई होगी।
अपात्रों को भी मिल रहा लाभ...
जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना का लाभ कई ऐसे लोग भी उठा रहे हैं जो इसके पात्र नहीं हैं। सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों द्वारा गलत जानकारी देकर इस योजना का लाभ लेने के मामले सामने आए हैं।
क्या है महतारी वंदन योजना?
- योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आर्थिक सहायता देना है।
- पात्र: विवाहित या विधवा महिलाएं जिनकी उम्र 21 वर्ष से अधिक है।
- लाभ: हर माह 1000 रुपये की आर्थिक मदद।
- पंजीयन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक अनिवार्य।
- आंगनबाड़ी सुपरवाइजर दस्तावेजों का वेरिफिकेशन कर अंतिम स्वीकृति देते हैं।
अब तक जारी हुई किस्तें...
बीजेपी सरकार के गठन के बाद मार्च 2024 से योजना के तहत राशि का वितरण शुरू हुआ। अब तक 15 किस्तें जारी हो चुकी हैं। इस दौरान लगभग 70 लाख महिलाओं को 9,788 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।