छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ ‘दीदी के गोठ’, ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने की नई पहल…

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए एक नई पहल की है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत तैयार विशेष रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ का आज 31 अगस्त को शुभारंभ किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम दोपहर 12:15 बजे आकाशवाणी रायपुर केंद्र समेत प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से प्रसारित होगा। साथ ही इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म onlineradiofm.in पर भी लाइव सुना जा सकेगा।
CM साय बोले – महिलाओं की ताकत से ही मजबूत होगा सुशासन...
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन तभी सार्थक होगा, जब ग्रामीण महिलाएं सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से मजबूत होंगी। इसी सोच के साथ छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम उठाया है।
कार्यक्रम का मकसद...
‘दीदी के गोठ’ का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की आवाज को समाज तक पहुंचाना, उनके संघर्ष और सफलता की कहानियों को साझा करना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और उप मुख्यमंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा का विशेष संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
स्व-सहायता समूह की कहानियाँ बनेंगी प्रेरणा...
कार्यक्रम के जरिए स्व-सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं की सफलता की कहानियां पूरे राज्य में प्रसारित होंगी। ‘लखपति दीदी’ बनीं महिलाओं की प्रेरक यात्राएं हर गांव-घर तक पहुंचेंगी, जिससे अन्य महिलाएं भी प्रेरित होकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकें।
गांव-गांव में सामूहिक श्रवण...
इस रेडियो कार्यक्रम को व्यापक बनाने के लिए पंचायत, ग्राम संगठन और संकुल स्तर पर सामूहिक श्रवण की व्यवस्था की गई है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समुदाय और स्व-सहायता समूह की महिलाएं शामिल होंगी। इससे गांवों में संवाद, चर्चा और सकारात्मक बदलाव का माहौल बनेगा।