आरंग की राजनीति का नया चेहरा: गुरु खुशवंत साहेब मंत्री पद की शपथ के साथ सुर्खियों में…

छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार में पहले कैबिनेट विस्तार के साथ ही आरंग से भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिल गई है। वे सतनामी समाज से आते हैं और सुप्रसिद्ध धर्मगुरु गुरु बालदास के बेटे हैं।
पहली बार चुनाव, पहली बार जीत और मंत्री पद...
गुरु खुशवंत साहेब ने 2023 के विधानसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमाई और आरंग सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता व मंत्री रहे शिवकुमार डहरिया को बड़े अंतर से शिकस्त दी। उन्होंने 16,538 वोटों से जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि चुनाव से महज तीन माह पहले ही वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
सतनामी समाज के उत्तराधिकारी...
36 वर्षीय गुरु खुशवंत साहेब अविवाहित हैं और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं। वे सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास गुरु गोसाई के पुत्र एवं भंडारपुरी गद्दी के उत्तराधिकारी हैं। समाज में उनकी गहरी पकड़ और युवाओं में लोकप्रियता ही उनकी पहचान है।
शिक्षा और व्यवसाय...
गुरु खुशवंत साहेब ने 2017 में मैट्स यूनिवर्सिटी, आरंग से एम.टेक की डिग्री हासिल की। राजनीति में कदम रखने से पहले वे कृषि और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े रहे। निर्वाचन आयोग को दिए हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब 2 करोड़ 8 लाख रुपये है।
इस तरह आरंग की राजनीति में पहली बार कदम रखने वाले गुरु खुशवंत साहेब ने बड़ी जीत दर्ज कर सीधे मंत्री पद तक का सफर तय कर लिया है।