क्या है पुलिस कमिश्नर प्रणाली? सीएम विष्णुदेव साय ने रायपुर के लिए किया बड़ा ऐलान…

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की जाएगी। इससे राजधानी की पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को नया ढांचा मिलेगा।
क्या है पुलिस कमिश्नर प्रणाली?
इस प्रणाली के तहत पुलिस को सीधे मजिस्ट्रेट पावर मिल जाती है। यानी अब तक किसी कठोर कार्रवाई के लिए पुलिस को कलेक्टर की अनुमति लेनी पड़ती थी, लेकिन कमिश्नरी सिस्टम लागू होते ही यह अधिकार पुलिस को मिल जाएगा। वर्तमान में देश के 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में यह प्रणाली लागू है। छत्तीसगढ़ में 2023 में रायपुर और बिलासपुर दोनों जगह इसे लागू करने का प्रस्ताव था, लेकिन फिलहाल इसे सिर्फ रायपुर में लागू किया जा रहा है।
ADG/IG रैंक के अधिकारी होंगे पुलिस कमिश्नर…
नई व्यवस्था के बाद रायपुर में एसपी की जगह पुलिस कमिश्नर पद होगा। आमतौर पर यह जिम्मेदारी एडीजी या आईजी रैंक के आईपीएस अधिकारी को सौंपी जाती है। शहर को कई जोनों में बांटा जाएगा, जहां संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी), एसपी, डीसीपी और थाना स्तर पर एसएचओ तैनात रहेंगे।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी मजबूती...
कमिश्नरी प्रणाली लागू होने से राजधानी रायपुर में अपराधों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई संभव होगी। पुलिस को सीधे मजिस्ट्रेट पावर मिलने से कानून-व्यवस्था पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला पुलिसिंग को और मजबूत करेगा और राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को नया स्वरूप देगा।



