कांकेर: धर्मांतरित लोगों पर हमला, महिलाओं समेत कई घायल…

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धर्मांतरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला अंतागढ़ ब्लॉक के हवाचूर गांव का है, जहाँ रविवार को चर्च से लौट रहे धर्मांतरित लोगों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
8 परिवारों के 36 लोगों को बनाया निशाना...
जानकारी के मुताबिक, 10 अगस्त की सुबह लगभग 8 धर्मांतरित परिवार प्रार्थना सभा में शामिल होकर चर्च से घर लौटे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उन्हें ढूंढ-ढूंढकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने घर में घुसकर भी मारपीट की और महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
पीड़ितों में शांति बाई दर्रो, बिसन्तिन दर्रो, और जागेश्वर उसेंडी समेत कई लोग शामिल हैं। बिसन्तिन दर्रो गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि जागेश्वर उसेंडी के कान का पर्दा फटने की आशंका जताई जा रही है।
थाने में नहीं दर्ज हुई रिपोर्ट, पीड़ित पहुंचे SP कार्यालय...
राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा कांकेर इकाई के प्रदेश सचिव साईमन दिग्बल तांडी के अनुसार, सभी पीड़ित चर्च से लौटकर अपने दैनिक कार्य में लगे थे, तभी हमला हुआ। कुल 8 परिवारों के 36 लोगों को पीटा गया। पीड़ित तत्काल ताड़ोकी थाना पहुंचे, लेकिन मामला दर्ज नहीं हो सका। दहशत में रात बिताने के बाद सभी 11 अगस्त की सुबह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच...
कांकेर के पुलिस अधीक्षक आई.के. एलिसेला ने बताया कि चर्च के मुद्दे पर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली है। जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।