बस्तर में नक्सलियों पर सबसे बड़ा प्रहार: 10 हजार जवानों ने शुरू किया भीषण ऑपरेशन…

छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में नक्सलवाद के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। करीब 10 हजार सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई में लगभग 1,000 नक्सलियों को घेर लिया है। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित घने जंगलों में शुरू हुई है और आने वाले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है। अब तक की जानकारी के अनुसार, लगभग आधा दर्जन नक्सलियों को मार गिराया गया है, लेकिन यह संख्या ऑपरेशन के अंत तक और भी बढ़ सकती है।
इस अभूतपूर्व अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स, विशेष कार्य बल (STF), राज्य पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), कोबरा कमांडो और अन्य सुरक्षा एजेंसियां शामिल हैं। तेलंगाना पुलिस भी इस ऑपरेशन में सहयोग कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान माओवादियों की बटालियन नंबर एक के सक्रिय क्षेत्र में चलाया जा रहा है, जो उनका सबसे मजबूत सैन्य गुट माना जाता है। साथ ही, माओवादियों की तेलंगाना राज्य समिति के प्रमुख सदस्य भी इस इलाके में मौजूद बताए जा रहे हैं। इस अभियान की योजना काफी गुप्त तरीके से बनाई गई थी और सोमवार को इसे अंजाम दिया गया।
यह ऑपरेशन नक्सलियों की गतिविधियों पर करारा प्रहार माना जा रहा है और इसकी सफलता से इस क्षेत्र में नक्सलवाद को बड़ा झटका लग सकता है।